कर्नाटक की कांग्रेस सरकार पर कांग्रेस विधायकों ने ही लगाए भ्रष्टाचार के आरोप, भाजपा हमलावर
नई दिल्ली । कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक व राज्यनीति एवं योजना आयोग के उपाध्यक्ष बीआर पाटिल ने स्पष्ट किया है कि उन्होंने जिन आवास आवंटन में भ्रष्टाचार के आरोप लगाए थे, वे पूरी तरह सच हैं। कलबुर्गी स्थित अपने आवास पर मीडिया से बात करते हुए, पाटिल ने कहा कि हां, वह मेरी ही आवाज है। मुझे नहीं पता वह क्लिप किसने लीक की, लेकिन मैंने जो कुछ भी कहा है वह सच है और मैं हर शब्द पर कायम हूं। सच अंत में सामने आकर ही रहेगा। इस कथित ऑडियो क्लिप में पाटिल को राजीव गांधी हाउसिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड के तहत घरों के आवंटन में घूसखोरी के आरोप लगाते हुए सुना जा सकता है। यह बातचीत ज़मीर अहमद खान (आवास एवं अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री) के निजी सचिव सरफराज़ खान के साथ बताई जा रही है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर मैंने मुंह खोला तो सरकार हिल जाएगी।
बीआर पाटिल ने आरोप लगाया कि उनके अलंद निर्वाचन क्षेत्र और आसपास के इलाकों में लगभग 950 मकान रिश्वत लेकर गलत तरीके से आवंटित किए गए और विधायकों की सिफारिशी चिट्ठियों को भी तब तक तवज्जो नहीं दी गई जब तक पैसे नहीं दिए गए।
इस मुद्दे पर बेलूर से कांग्रेस विधायक गोपालकृष्ण ने पाटिल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मैंने आवास बोर्ड मंत्रालय के खिलाफ लगे आरोपों के बारे में सुना है। जब एक वरिष्ठ विधायक ऐसा कह रहे हैं तो संबंधित मंत्री को तुरंत इस्तीफा देकर जांच का सामना करना चाहिए। अगर वे निर्दोष हैं तो बाद में उन्हें फिर से मंत्री बनाया जा सकता है। सच्चाई सामने आनी ही चाहिए। कांग्रेस विधायक राजू कागे ने भी अपनी ही पार्टी की सरकार पर नाराज़गी जाहिर की। उन्होंने कहा कि मेरी स्थिति भी बीआर पाटिल जैसी है। मुख्यमंत्री ने दो साल पहले मेरे क्षेत्र के लिए 12 करोड़ रूपये सड़क और 13 करोड़ रूपये सामुदायिक भवनों के लिए मंजूर किए थे, लेकिन आज तक एक भी कार्यादेश जारी नहीं हुआ। यह कैसा प्रशासन है? मैं इतना निराश हूं कि इस्तीफे पर विचार कर रहा हूं।
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने इस पर जवाब दिया है कि मैं उनसे बात करूंगा। कौन से विशेष फंड की बात हो रही है। बजट में ऐसा कोई ‘सीएम फंड नहीं होता। लोग इसे विशेष फंड कह देते हैं, लेकिन हम जरूरत के अनुसार ही अनुदान देते हैं। कांग्रेस विधायकों के अपनी ही सरकार के कामकाज के तरीके पर सवाल उठाने के बाद
बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र ने कहा कि भ्रष्टाचार, भ्रष्टाचार और सिर्फ भ्रष्टाचार। ऐसा लगता है कि इसके अलावा राज्य में कुछ और नहीं हो रहा है। स्टेट स्पॉन्सर्ड करप्शन चल रहा है। सरकार ही करप्शन को बढ़ावा दे रही है। ये बात बीआर पाटिल के बयान से पता चलती है, हम इस मुद्दे को पूरे राज्य में उठाएंगे और सड़क पर आंदोलन करेंगे। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व सीएम बीएस येदियुरप्पा ने कहा बीआर पाटिल और राजू कागे के आरोप बहुत ही गंभीर हैं, वे जल्द ही पूरे राज्य का दौरा करेंगे और सिद्धारमैया सरकार के भ्रष्टाचार की पोल खोलेंगे।
यूपी हादसा: 4 बच्चे चढ़े टंकी पर, 3 गिरे; 2 का हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू
2025-26 में ED का एक्शन मोड: हजारों रेड, पर कम हुई गिरफ्तारियां
बरगी क्रूज त्रासदी: "हमें भीख नहीं इंसाफ चाहिए", अपनों को खोने वालों का फूटा गुस्सा; अब तक 13 शव बरामद
बरगी बांध हादसा: विमान में खराबी से 4 घंटे एयरपोर्ट पर रुका शव
नए SP अनुराग सुजानिया: किन जिलों में कर चुके हैं सेवा, अब सागर में जिम्मेदारी
नतीजों से पहले सियासी संग्राम, BJP बोली—ममता की हार तय
राहुल गांधी केस में सावरकर मुद्दा फिर गरमाया, गवाही में बड़े खुलासे
युद्ध या समझौता: मझधार में फंसे डोनाल्ड ट्रंप
भारत-इक्वाडोर संबंधों में नई मजबूती, दवा से डिजिटल तक समझौते