नागपुर, 4 जुलाई। शहर के प्रतिष्ठित सामाजिक संगठन रोटरी क्लब ऑफ नागपुर विज़न (डिस्ट्रिक्ट 3030) के नए बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स का पदस्थापना समारोह शुक्रवार को तुली इम्पीरियल में आयोजित किया गया। समारोह में डॉ. रश्मि शाहू ने वर्ष 2025-26 के अध्यक्ष पद का कार्यभार डॉ. जुगलकिशोर अग्रवाल को सौंपा।

समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर एवं विधायक संजय मेश्राम तथा विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट गवर्नर प्रितेश चांदक ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए समाजसेवा के क्षेत्र में क्लब की भूमिका की सराहना की। उन्होंने नए नेतृत्व से सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी तथा जनहितकारी बनाने का आह्वान किया।

नवनिर्वाचित अध्यक्ष डॉ. जुगलकिशोर अग्रवाल ने अपने संबोधन में कहा कि क्लब आगामी वर्ष में नवाचार, सामुदायिक सेवा और सदस्य सहभागिता को प्राथमिकता देगा। उन्होंने रोटरी के आदर्श वाक्य 'सेवा ही सर्वोपरि' के अनुरूप समाज के विभिन्न वर्गों के लिए सार्थक और स्थायी परियोजनाएं संचालित करने का संकल्प व्यक्त किया। उल्लेखनीय है कि डॉ. अग्रवाल महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए संचालित 'सुंदरी' पहल के माध्यम से 400 से अधिक महिलाओं को कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ चुके हैं।

अपने संभाषण में उन्होंने आश्वस्त दिया कि वह साल में 365 दिन लोगों व समाज के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने सभी रोटेरियंस व उपस्थिति अतिथियों का आह्वान किया कि वे अपनी विशेषज्ञता, अपने ज्ञान और संसाधनों के साथ आगे आएं और मिलकर नई उम्मीदें और नए अवसर रचें। 

मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए उमरेड विधानसभा क्षेत्र से निर्वाचित विधायक श्री मेश्राम ने कहा कि राजनीति में शीर्ष पर बने रहने के लिए इंसान सब कुछ करने के लिए तैयार रहता है, लेकिन संस्थाएं इस तरह से नहीं चलतीं. यहॉं सभी को साथ लेकर चलना पड़ता है। उन्होंने देश में लोकतंत्र के अस्तित्व को खतरे में डाल रही चुनौतियों पर भी चर्चा की और कहा कि इसे बचाना है तो समाज के प्रबुद्ध लोगों को सक्रिय राजनीति में आगे आना आवश्यक है। इस दौरान उन्होंने एक रोटेरियंस के रूप में अपने अनुभव भी साझा किए। 

मानद सचिव सीए रोटेरियन हेतल संपत ने विश्वास व्यक्त किया कि पूरी टीम मिलकर समाज के लिए दीर्घकालिक प्रभाव वाले सेवा कार्यों को गति देगी।

इस अवसर पर नए रोटेरियंस का भी स्वागत और अभिनंदन किया गया

नवनियुक्त कार्यकारिणी में अध्यक्ष-निर्वाचित डॉ. मधुमति धावड़, उपाध्यक्ष योगेश पालीवाल, कोषाध्यक्ष अमित जेसवानी, संयुक्त सचिव सोहेल अमीन, सार्जेंट-एट-आर्म्स डॉ. गिरीश छाबरानी, निदेशक डॉ. रवि वैरागड़े, इंजी. अभिजीत देशमुख, डॉ. स्वप्निल गाडगे, सोनल मलकान, स्वाति बेलखड़े, एडवोकेट डॉ. रेणुका सिरपुरकर और शिल्पा केलकर शामिल हैं। समारोह में बड़ी संख्या में रोटेरियन, गणमान्य नागरिक और अतिथि उपस्थित रहे।