नागपुर, 15 सितंबर। स्थानीय रविनगर,अमरावती रोड स्थि​त अग्रसेन भवन  के सभागृह में, आज से दो दिवसीय राष्ट्रीय व्यापारिक जुटान आरंभ होने जा रहा है. इस जुटान का उद्घाटन, राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष श्री. सुनील सिंघी करेंगे।

स्वदेशी जागरण मंच के मार्गदर्शन में एकत्रित यह जुटान   खुदरा विक्रेताओं और स्ट्रीट हॉकर्स के लगभग तीन दर्जन व्यावसायिक संगठनों की अभिनव पहल है.

अनुमान है कि इनमें लगभग तीस संगठन नागपुर जुटान में हिस्सा लेंगे और अपनी—अपनी समस्याओं पर विमर्श करेंगे और इस संबंध में अपने सुझाव प्रस्तुत करेंगे। यह जानकारी कल आयोजित एक पत्रकार वार्ता में जुटान के नागपुर समन्वयक अजय पत्की ने दी।

जुटान मे, इंटरनेट मार्केटिंग का भारतीयीकरण,  व्यापारी वर्ग का राष्ट्रीय अर्थ व्यवस्था के स्वदेशीकरण मे सहभाग ,वोकल फाॅर लोकल की आवाज बुलंद करने के मार्ग आदि विषयों पर गहन चर्चा होंगी। 

वार्ता के दौरान जुटान के संकल्पक एवं संयोजक, स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय प्रचार प्रमुख श्री. दीपक शर्मा (प्रदीप) ने बताया कि जुटान में मंथन से प्राप्त निष्कर्षों को आगे क्रियान्वयन के लिए विभिन्न स्तरों पर कार्य किया जाएगा, जिनमें स्थानीय दुकानदारों को स्वदेशी सामानों के लिए अलग डिस्प्ले की व्यवस्था करने व ग्राहकों को भारत में बनी चीजें खरीदने और इस्तेमाल करने के लिए प्रेरित करने के लिए तैयार किया जाएगा. श्री शर्मा ने कहा कि अगर आवश्यक हुआ तो मंच नीतिगत हस्तक्षेप भी करेगा, ताकि स्वदेशी उत्पादकों और विक्रेताओं के रोजगार को प्रभावित कर रही बहुराष्ट्रीय कंपनियों को हतोत्साहित किया जा सके. 

जुटान के उद्घाटन के दौरान स्वदेशी जागरण मंच के राष्ट्रीय संयोजक सीए श्री.आर. सुंदरम , (मदुराई)और राष्ट्रीय संघटक श्री.कश्मीरीलाल (दिल्ली) उपस्थित रहेंगे । व्यापारी संघटन से कैट (कॉन्फेडेरेशन आॅफ इंडियन ट्रेडर्स)के अध्यक्ष श्री. बी.सी. भरतिया , महासचिव, चांदनी चौक दिल्ली से सांसद श्री. प्रवीण खंडेलवाल, बीयूवीएम के उपाध्यक्ष चेन्नई से श्री. सतीश चव्हाण,जाॅईंट हाॅकर्स कमेटी की सेक्रेटरी बहन निर्मला कुराडे (कोल्हापुर ),गुवाहाटी से श्री.शेखर अग्रवाल सहित अनेक व्यापारी नेता मंच सुशोभित करेंगे।