राष्‍ट्रीय खेल दिवस पर किया गया दद्दा ध्‍यानचंद को याद

नागपुर, 30 अगस्‍त. कल यहॉं खेल दिवस के अवसर पर आयोजित एक भव्‍य समारोह में मतीन खान की पुस्‍तक मैदान-ए-इश्‍क़ का लोकार्पण कार्यक्रम आयोजित किया गया. यात्रा वृत्‍तांत शैली में लिखी गई यह पुस्‍तक लेखक के वास्‍तविक जीवन के प्रेम और क्रिकेट से इश्‍क़ के सफर को बयां करती है.

कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि के रूप में लोकमत मीडिया समूह के चेयरमैन विजय दर्डा, विशिष्‍ट अतिथि के रूप में खेल पत्रकार व संपादक अयाज मेनन, प्रसिद्ध हिंदी कमेंटेटर पद्मश्री सुशील दोशी, पूर्व इंटरनेशनल टेस्‍ट क्रिकेटर प्रशांत वैद्य शामिल हुए. विमोचन कार्यक्रम में श्री दर्डा ने अपने वक्‍तव्‍य में कहा कि देश में खिलाडि़यों, साहित्‍यकारों, व कलाकारों के पुतले लगाए जाने चाहिए, उनके नाम पर सड़कों, भवनों आदि के नामकरण होने चाहिए. उन्‍होंने यह भी कहा कि क्रिकेट को अब दूसरे खेलों को संरक्षण प्रदान कर उसका संवर्द्धन करना चाहिए.

इस अवसर पर श्री मेनन, श्री दोशी व श्री वैद्य ने खेलों से जुड़ी अपनी विविधतापूर्ण यादें भी साझा कीं. कार्यक्रम की अध्‍यक्षता डॉ.पिनाक दंदे ने की. उन्‍होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन में भागीदार रहे सहयोगियों एवं उपस्थित अतिथियों का आभार प्रदर्शन किया.  कार्यक्रम का संचालन वरिष्‍ठ खेल पत्रकार डॉ. राम ठाकुर ने किया. ज्ञातव्‍य है कि मैदान-ए-इश्‍क का विमोचन कार्यक्रम डॉ. दंदे फाउंडेशन द्वारा किया गया.

इस अवसर पर मतीन खान की पत्‍नी उजमा खान, बेटे कबीर खान, उनकी बहनें व उनके पति, तथा मित्रगणों के अलावा, लोकमत समूह के प्रबंधन से अशोक जैन, आशीष जैन, लोकमत समाचार के वरिष्‍ठ संपादक विकास मिश्र , संपादक रवीन्‍द्र भजनी, लोकमत टाइम्‍स के संपादक एन.के.नायक, वरिष्‍ठ समाचार संपादक सुनील सोनी, खेल पत्रकार किशोर बागड़े व रवीन्‍द्र चोपड़े, आर्टिस्‍ट तारेन्‍द्र चौधरी, आदि उपस्थित थे. इसके अलावा बड़ी संख्‍या में नगर के प्रबुद्ध नागरिकों ने भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति प्रमुखता से दर्ज कराई. इनमें पुस्‍तक के प्रकाशक अराइजिंग मीडिया एंड एंटरटेनमेंट नेटवर्क के मुख्‍य कार्यकारी डॉ. संदीप अग्रवाल, संजय अग्रवाल, गजानन जांभोर, एस.पी.सिंह, बिपेन्‍द्र सिंह, नीरज श्रीवास्‍तव, प्रा.सूरज तेलंग आदि का समावेश है.