डॉ. प्रवीण डबली ने लाइव डेमो के साथ पोस्चर सुधारकर स्वस्थ रहने के गुर

नागपुर, 8 अप्रैल। विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर मंगलवार को द इंस्टीट्यूशन ऑफ इंजीनियर्स (इंडिया), नागपुर केंद्र में हेल्थ अवेयरनेस को लेकर एक खास और बेहद प्रैक्टिकल सेशन आयोजित किया गया। विषय था — गलत बॉडी पोश्चर और उससे जुड़ी स्वास्थ्य समस्याएं, जिस पर नर्व स्टिमुलेशन थेरेपिस्ट, योग थेरेपिस्ट और मोटिवेशनल हेल्थ स्पीकर डॉ. प्रवीण डबली ने लाइव डेमो के साथ लोगों को जागरूक किया।

कार्यक्रम की शुरुआत संस्था के अध्यक्ष डॉ. संदीप श्रीखेडकर ने की। उन्होंने बताया कि आज की डिजिटल लाइफस्टाइल—लंबे समय तक बैठकर काम करना, मोबाइल और कंप्यूटर का अत्यधिक उपयोग—लोगों को अनजाने में गलत पोश्चर की आदत दे रही है, जो कई स्वास्थ्य समस्याओं की जड़ बन रही है।

अपने इंटरैक्टिव सेशन में डॉ. डबली ने बताया कि झुककर बैठना, मोबाइल देखते समय गर्दन नीचे रखना या घंटों एक ही स्थिति में रहना मांसपेशियों और नसों पर दबाव बढ़ाता है। इसके कारण कमर दर्द, गर्दन दर्द, सिरदर्द, थकान और पाचन समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। उन्होंने बताया कि एक अध्ययन के अनुसार करीब 80% लोग जीवन में कभी न कभी कमर दर्द का सामना करते हैं, जिसका बड़ा कारण गलत पोश्चर है।

उन्होंने सही बैठने, खड़े होने, चलने, ड्राइविंग और सोने की आदतों पर आसान टिप्स दिए—जैसे हर 30–40 मिनट में उठकर चलना, पीठ सीधी रखना और बहुत ऊँचे तकिए या बेहद मुलायम गद्दे से बचना। बाईं करवट सोने को उन्होंने शरीर के लिए अधिक लाभकारी बताया।

योग और नर्व स्टिमुलेशन थेरेपी को प्रभावी बताते हुए उन्होंने ताड़ासन, भुजंगासन, मकरासन और पवनमुक्तासन जैसे सरल योग अभ्यास नियमित करने की सलाह दी। साथ ही चेतावनी दी कि बिस्तर या सोफे पर लेटकर मोबाइल इस्तेमाल करना गर्दन के लिए बेहद नुकसानदायक हो सकता है।

सेशन के दौरान प्रश्न-उत्तर भी हुए, जहां प्रतिभागियों ने अपनी शंकाएं दूर कीं। कार्यक्रम के अंत में मानद सचिव जयंत जोशी ने डॉ. डबली का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान किया।

कार्यक्रम में कार्यक्रम में इंस्टिट्यूशन आॅफ इंजीनियर्स, नागपुर के कन्वीनर जुगलकिशोर अग्रवाल  सतीश रायपुरे, श्रीकांत दोईफोडे, पी के कुलकर्णी, इंजीनियर भार्गव, विनोद संगीतराव , वामन पराते और रमेश दर्यापुरकर, उप आयकर आयुक्त संजय अग्रवाल, राजेंद्र चांदोरकर, संदीप अग्रवाल, पत्रकार अजय पांडे, वसंत पारधी, सौरभ सिंह,  सहित शहर के अनेक गणमान्य नागरिक और प्रोफेशनल्स उपस्थिति रहे।