उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत महिला कमांडोज एवं विद्यार्थियों का लोटस मैन ऑफ इंडिया की नर्सरी का शैक्षणिक दौरा

नागपुर,21जुलाई। रविवार को जे. डी. कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग एंड मैनेजमेंट, नागपुर के उन्नत भारत अभियान के अंतर्गत आज वलनी, खंडाला एवं पारडी गांवों की 45 महिला कमांडोज, कॉलेज की फैकल्टी एवं विद्यार्थियों ने शिवण गांव स्थित “लोटस मैन ऑफ इंडिया” श्री सुनील गोरडे की जलीय पौधों की नर्सरी का शैक्षणिक दौरा किया।

श्री गोरडे ने प्रतिभागियों को लगभग 350 किस्मों के कमल, कुमुदिनी (वाटर लिली) एवं अन्य जलीय पौधों के संरक्षण और उत्पादन की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जलीय पौधों का व्यावसायिक उत्पादन मरते हुए तालाबों के पुनर्जीवन, जैव विविधता संरक्षण तथा भू-जल स्तर बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।

दौरे के दौरान महिला कमांडोज एवं विद्यार्थियों ने कमल, कुमुदिनी तथा अन्य जलीय वनस्पतियों की खेती, देखभाल एवं तालाब संरक्षण में उनके उपयोग पर विस्तृत चर्चा की। प्रतिभागियों ने जलीय पौधों को ग्रामीण आजीविका एवं पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की संभावनाओं को भी समझा।

यह शैक्षणिक भ्रमण जल संरक्षण, तालाब पुनर्जीवन तथा ग्रामीण विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल सिद्ध हुआ।