सीआईआई द्वारा लीडरशिप डायलॉग: इंडस्ट्री मीट का आयोजन

नागपुर, 24 जुलाई। भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) विदर्भ ज़ोन की ओर से आज यहॉं होटल सेंटर पॉइंट में लीडरशिप डायलॉग: इंडस्ट्री मीट कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सीआईआई वेस्टर्न रीजन के डिप्टी चेयरमैन और के.के.नाग प्रा.लि. के चेयरमैन व सीएमडी मिलन नाग थे। इस अवसर पर उद्योग जगत के वरिष्ठ प्रतिनिधियों, उद्यमियों, सीआईआई सदस्यों तथा विभिन्न व्यावसायिक संगठनों के पदाधिकारियों ने भाग लिया।

अपने संबोधन में श्री नाग ने उद्योगों में नवाचार, तकनीक और आपसी सहयोग की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि सीआईआई उद्योगों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने, नीतिगत संवाद को मजबूत करने और औद्योगिक विकास को गति देने के लिए लगातार प्रयासरत है। 

कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण सीआईआई वेस्टर्न रीजनल काउंसिल के सदस्यों के साथ आयोजित फायरसाइड चैट रही। इसमें गणेश श्रीनिवासन, प्रेसिडेंट – टी एंड डी, केईसी इंटरनेशनल लिमिटेड और संदीप नावलेकर, एमडी, डॉर्लिंग पम्प्स प्रा.लि. अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने बदलते औद्योगिक परिवेश, भविष्य की कारोबारी संभावनाओं,चुनौतियों, नवाचार, नेतृत्व विकास और दीर्घकालिक रणनीतियों पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भविष्य की चुनौतियों का सामना करने के लिए उद्योगों को तकनीकी बदलावों को तेजी से अपनाना होगा और प्रतिभा विकास पर निवेश बढ़ाना होगा।

आयोजन के द्वितीय सत्र में दानिश हाशिम, चीफ—ईज आॅफ डूइंग बिजनेस, MNCs & GVCs, सीआईआई ने ईज आॅफ डूइंग बिजनेस से संबंधित विभिन्न मुद्दों के बारे में विस्तार से जानकारी दी और इस मिशन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किए. इसके अलावा एग्रीकल्चर व फूड इंडस्ट्री पर भी विशेष चर्चा सत्रों का आयोजन किया गया.

संवाद सत्र के दौरान उपस्थित उद्योग प्रतिनिधियों ने भी विभिन्न विषयों पर अपने प्रश्न रखे और औद्योगिक विकास, निवेश, सहयोग तथा क्षेत्रीय प्रतिस्पर्धा को लेकर विचार-विमर्श किया। अमिताभ सिन्हा, पुष्कर माते, सत्येन्द्र कुमार आदि सीआईआई के पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ सदस्यों सहित विदर्भ क्षेत्र के अनेक उद्योगपति, उद्यमी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की प्रस्तावना श्री जामदार ने पेश की. 

डॉ. संदीप अग्रवाल